दक्षिण-दक्षिण सहयोग
Authors/Creators
- 1. प्राध्यापक (अतिथि व्याख्याता) राजनीति विज्ञान विभाग, परिसर चंपावत, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा (उत्तराखंड)
Contributors
Editor:
Description
आज विश्व आर्थिक रूप से दो भागों में बटा हुआ है। पहला उत्तर के देश जो उत्तरी गोलार्द्ध में स्थित है। इस भौगोलिक तथ्य के कारण इन्हें उत्तर के विकसित देश कहा जाता है। दूसरा दक्षिण के देश जो दक्षिणी गोलार्द्ध में स्थित है इन्हें विकासशील अर्थात् दक्षिण के गरीब देश कहा जाता है, इसलिए जब दक्षिण के विकासशील देश विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग करते है, तो इसे दक्षिण-दक्षिण सहयोग कहा जाता है। इसके विपरीत जब उत्तर के विकसित देश एवं दक्षिण के विकासशील देशों के बीच सहयोग के लिए विचार-विमर्श होता है, तो इसे उत्तर-दक्षिण संवाद या सहयोग कहा जाता है। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद विकासशील देशों के लिए ‘दक्षिण‘ शब्द का प्रयोग किया जाने लगा। 1945 के बाद समस्त विश्व राजनीतिक रूप से दो भागों में बट गया। दक्षिण के गरीब देश उत्तर के विकसित साम्राज्यवादी ताकतों के शोषण के शिकार होते जा रहे थे। जब दक्षिण के गरीब देशों ने स्वतंत्रता प्राप्त की तो दक्षिण के देशों ने अपने को आर्थिक पिछड़ेपन की समस्या से ग्रस्त पाया। अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में भी उनके सामने आर्थिक साधनों की कमी आड़े आने लगी। ऐसी स्थिति में अंतर्राष्ट्रीय संबंधों को अधिक प्रासंगिक बनाने के लिए दक्षिण के विकासशील देशों ने नई अंतर्राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था (नियो) की स्थापना के लिए उत्तर के अमीर देशों से उदार रवैया अपनाने का आग्रह किया, तो परिणामस्वरूप उत्तर-दक्षिण सहयोग के प्रयास शुरू होने लगे, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात कि लंबे समय तक कोई सकारात्मक परिणाम न निकले ऐसी स्थिति में विकासशील देशों ने विकसित देशों के साथ सहयोग के बजाए आपसी सहयोग अर्थात् दक्षिण-दक्षिण सहयोग की शुरूआत की। इन्ही के आपसी विचार-विमर्श से दक्षिण-दक्षिण सहयोग का जन्म हुआ। दक्षिण के गरीब देशों को दक्षिण-दक्षिण सहयोग की प्रक्रिया द्वारा आत्मनिर्भर बनाने एवं विकसित देशों पर निर्भरता कम करने की प्रक्रिया को ही दक्षिण-दक्षिण सहयोग के नाम से जाना जाता है। इसी प्रक्रिया के परिणामस्वरूप विकासशील देशों में सहयोग के एक नए युग का सूत्रपात हुआ।