पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय ज्ञान परम्परा
Authors/Creators
Description
पर्यावरण संरक्षण किस प्रकार नैसर्गिक रूप से भारतीय ज्ञान परंपरा का भाग है इसका अध्ययन करना इस शोध पत्र का उद्देश्य है। भारतीय ज्ञान परंपरा के मूलभूत सत्यों को अपनी जीवन शैली का भाग बनाकर हम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। पर्यावरण संरक्षण का संकट आधुनिक सभ्यता के भौतिकतावादी विचारधारा की देन है जहां पर जीवन को अत्यधिक संपन्न बनाने हेतु संसाधनों के उच्चतम दोहन पर बल दिया जाता है। यहां पर्यावरण हमारे चारों ओर का आवरण न होकर संसाधनों का एक ऐसा केंद्र है जिसके साथ सामंजस्य की जगह उस पर विजय प्राप्त करना महत्वपूर्ण हो गया है। मनुष्य की लालसा ने पर्यावरण तथा मानव के इस सामंजस्य को छिन्न-भिन्न कर दिया है, परिणामस्वरूप विभिन्न पर्यावरणीय संकट यथा वैश्विक तापन, जलवायु परिवर्तन, अत्यधिक वर्षा, बाढ़, सूखा, दूषित खा ॥न्न, स्वास्थ्य समस्याएं हमारे समक्ष विद्यमान हैं। भारतीय परंपरा में पर्यावरण मनुष्य से पृथक संसाधन न होकर मनुष्य का ही विस्तार है, जहां प्रकृति के रूप में पर्यावरण जीवनदायिनी है। यहां जीव, जंतु, पेड़ पौधे सभी एक सहचर्य का निर्माण करते हैं। भारतीय जीवन दर्शन में जीव संरचना पर्यावरण के ही पांच भूतों यथा पृथ्वी, अग्नि, वायु, आकाश, जल से मानी जाती है। यहां पर्यावरण के हर तत्व को देवता की संज्ञा दी गई है। इस मूलभूत संरचना में असंतुलन निश्चित रूप से मानव सभ्यता पर संकट उत्पन्न कर देगा। भारतीय ज्ञान परंपरा के वाहक रहे हमारे वेद, उपनिषद, पुराण तथा आगम शास्त्रों में इसी संतुलन तथा निर्भरता को प्रमुख रूप से दर्शाया गया है। भारतीय परंपरा मानव-प्रकृति के सह-अस्तित्व, परमार्थ, संवेदनशीलता, इहलौकिक आनंद के साथ पारलौकिक लक्ष्य पर बल देती है। अथर्ववेद के श्लोक में कहा गया है की, "माता भूमिः पुत्रो अहं पृथिव्याः" अर्थात यह धरती हमारी माता है और हम इसके पुत्र हैं। इन्हीं संदर्भ में भारतीय ज्ञान परंपरा सदैव से पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी रही है।